किसने दी छात्रों पर पेलेट गन चलाने की इजाजत? राहुल गांधी ने छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर लिखा गृह मंत्री अमित शाह को पत्र

Summary :

संसद चलो मार्च में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पेलेट गन के इस्तेमाल पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को खत लिखकर सवाल पूछा कि शांतिपूर्ण छात्रों पर पेलेट गन चलाने की इजाजत किसने दी?

Rahul Gandhi letter to Amit Shah : संसद चलो मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम पर सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाना बनाया है।

26 जुलाई राहुल गांधी ने रविवार को अमित शाह को एक तीखा खत लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली में हुए इस बर्बर हमले की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष शिक्षा प्रणाली की मांग कर रहे शांतिपूर्ण छात्रों पर पुलिस और सुरक्षाबलों ने अंधाधुंध बल प्रयोग किया। इस लाठीचार्ज और आंसू गैस की कार्रवाई में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पेलेट गन पर सवाल

Rahul Gandhi letter to Amit Shah

राहुल गांधी ने अपने पत्र में सुरक्षाबलों की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा कि प्रदर्शन के दौरान महिला छात्राओं के साथ मारपीट की गई और उनके निजी अंगों को जानबूझकर निशाना बनाया गया। सबसे ज्यादा चिंताजनक पेलेट गन का इस्तेमाल रहा।

राहुल गांधी ने बताया कि वे 19 वर्षीय पीड़ित छात्र साहिल लोचब से मिले, जो पेलेट लगने के कारण अत्यधिक दर्द में है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा मंडरा रहा है। हमले में एक पत्रकार भी घायल हुआ है।

राहुल गांधी ने गृह मंत्री से पूछे सीधे सवाल

दिल्ली पुलिस की जवाबदेही गृह मंत्रालय के अधीन होने का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने अमित शाह से सीधे सवाल दागे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या गृह मंत्री के रूप में उन्होंने छात्रों पर पेलेट गन और घातक बल प्रयोग की मंजूरी दी थी और अगर नहीं, तो यह इजाजत किसने दी।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सादे कपड़ों में लाठियां भांज रहे लोग पुलिसकर्मी थे या कोई कार्यकर्ता, और उनकी तैनाती को किसने अधिकृत किया था। राहुल गांधी ने साफ कहा है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें – Kargil Vijay Diwas 2026: कारगिल दिवस पर अमर शहीदों को पीएम मोदी, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।