Kargil Vijay Diwas 2026: कारगिल दिवस पर अमर शहीदों को पीएम मोदी, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Summary :

आज देश कारगिल विजय दिवस मना रहा है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख ने कारगिल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह दिवस सिर्फ एक सैन्य जीत की याद नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है।

आज देश कारगिल विजय व इस युद्ध में शहीद हुए शूरवीरों को याद कर रहा है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व सेना प्रमुख ने कारगिल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसके साथ ही उन सैनिकों को भी याद किया गया जो इस युद्ध का हिस्सा थे। दरअसल कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत की याद नहीं है, बल्कि यह भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और अटूट राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर भी है।

‘ऑपरेशन विजय’: 20,000 फीट की ऊंचाई पर लिखी गई शौर्यगाथा

साल 1999 में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ चलाकर कारगिल की ऊंची और कठिन पहाड़ियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ दिया था। यह युद्ध दुनिया के सबसे मुश्किल इलाकों में लड़ा गया था, जिसने पूरी दुनिया में भारतीय सेना के पराक्रम का लोहा मनवाया।

कारगिल की पहाड़ियां 20,000 फीट तक ऊंची थीं। वहां ऑक्सीजन की भारी कमी थी, तापमान माइनस 40 डिग्री तक गिर जाता था और चारों तरफ बर्फ से ढकी सीधी ढलानें थीं। मौसम और माहौल हर कदम पर मुश्किलें खड़ी कर रहा था, लेकिन हमारे वीर जवानों ने अपने बुलंद हौसले और अटूट संकल्प से जीत की एक नई मिसाल कायम की।

यह अभियान केवल एक लड़ाई नहीं था, बल्कि भारतीय सेना, वायुसेना और तोपखाने के शानदार तालमेल का एक अनोखा उदाहरण था। हमारे सैनिकों के पराक्रम और सही रणनीति के आगे दुश्मन के सारे नापाक मंसूबे पूरी तरह नाकाम हो गए।

पीएम मोदी ने कारगिल के शूरवीरों को जताया आभार

कारगिल दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि ” कारगिल विजय दिवस पर, हमारा देश भारत की सुरक्षा के लिए बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करता है। बेहद कठिन परिस्थितियों में भी उनका अदम्य साहस हमेशा राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। उनकी अटूट देशभक्ति और कर्तव्य-निष्ठा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को किया नमन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को शत-शत नमन। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर असाधारण पराक्रम का परिचय देने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति देशवासी सदैव कृतज्ञ एवं ऋणी रहेंगे। भारतीय सेना का अदम्य साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा।”

गृहमंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी ने वीरों को किया नमन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “‘कारगिल विजय दिवस’ भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है। वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों और शत्रु के ऊंचाई पर स्थित मोर्चों के बावजूद, हमारे वीर जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। ‘कारगिल विजय दिवस’ पर उन सभी वीर सपूतों का स्मरण कर नमन करता हूं, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखा।”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, “अतुलनीय शौर्य एवं साहसपूर्ण प्रदर्शन से भारत के स्वाभिमान की विजय पताका फहराने वाले वीर जवानों की गौरवगाथा के स्वर्णिम पृष्ठ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर समस्त वीर जवानों को कोटि-कोटि नमन।”

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।