केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज तीन दिवसीय दौरे के लिए जम्मू-कश्मीर में मौजूद हैं। अमित शाह ने आज जम्मू के कटरा में वैष्णो देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
पहाड़ी समुदाय को ST दर्जा देने की घोषणा कर सकते हैं शाह
जम्मू एयरपोर्ट पहुंचे गृहमंत्री का उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व अन्य बीजेपी नेताओं ने स्वागत किया। अमित शाह अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर में पहाड़ी समुदाय के लिए अनुसूचित जनजाति (एसटी) के दर्जे की घोषणा कर सकते है।
जम्मू पहुंचने के बाद अमित शाह ने राजभवन में गुर्जर, बकरवाल, पहाड़ी, सिख और राजपूत समुदाय के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, गृहमंत्री आज और कल राजौरी-बारामूला में दो रैलियों को संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में पहाड़ी समुदाय के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
DG जेल हेमंत लोहिया की हत्या
अमित शाह के दौरे के बीच जम्मू-कश्मीर के DG जेल हेमंत लोहिया की हत्या से हड़कंप मच गया है। हत्या करने वाले ने कांच की बोतल से लोहिया का गला काटा। इतना ही नहीं शव पर केरोसिन डालकर जलाने की भी कोशिश हुई थी। जानकारी के अनुसार, आतंकी संगठन टीआरएफ ने लोहिया की हत्या की जिम्मेदारी ली है। ये संगठन पिछले कुछ सालों से जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
ADGP मुकेश सिंह जम्मू ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि DG जेल हेमंत लोहिया का घरेलू सहायक यासिर अहमद मुख्य आरोपी है। जांच से पता चलता है कि वह अपने व्यवहार में काफी आक्रामक था और सूत्रों के अनुसार अवसाद में भी था। दरअसल, सीसीटीवी फुटेज में वारदात के बाद यासिर अहमद भागता नजर आया है। वह रामबन का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि लोहिया उदयवाला में दोस्त के घर पर थे।


Download Android App
Download iOS App



