श्रीनगर : अलगाववादियों द्वारा घाटी में बुलाई गई हड़ताल के आहवान की वजह से आम जनजीवन के प्रभावित होने के बीच कानून-व्यवस्था को बरकरार रखने के लिये अधिकारियों ने कश्मीर के कुछ इलाकों में कुछ बंदिशें लगाई हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घाटी के कई इलाकों में कुछ पाबंदियां लगाई गयी हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में आज दूसरे दिन भी पांच पुलिस थाना क्षेत्रों, नौहट्टा, रैनाबाड़ी, खानयार, एम आर गंज और सफाकदल, में पाबंदियां जारी रहीं।
अधिकारी ने कहा कि आज सुबह कुलगाम जिले और अनंतनाग, छादूरा और नौगाम कस्बे में भी कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये कुछ पाबंदियां लगाई गयी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिये यह पाबंदियां लगाई गयी हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आयोजन के मुख्य समारोह स्थल, बख्शी स्टेडियम के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। यहां मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने समारोह की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर मोबाइल फोन सेवाओं और पोर्टेबल इंटरनेट सेवा पर पूरे कश्मीर में पाबंदी लगाई गई है। इस बीच स्वतंत्रता दिवस आयोजनों के खिलाफ अलगाववादियों द्वारा बुलाये गये बंद की वजह से घाटी में आम जनजीवन प्रभावित रहा। अधिकारी ने कहा कि दुकानें, पेट्रोल पंप और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे जबकि सार्वजनिक परिवहन भी सड़कों पर नजर नहीं आ रहा था।


Download Android App
Download iOS App



