जम्मू के विकास में एक नया मील का पत्थर साबित होने वाले 9.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘रेजीडेंसी रोड-हाई स्ट्रीट प्रोजेक्ट’ का आज मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उद्घाटन किया। इस प्रोजेक्ट के तहत शहर की सड़कों को आधुनिक, चौड़ा और सुगम बनाया गया है, यहां जगमगाती हाई-टेक स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और पैदल यात्रियों के लिए शानदार वॉकवे तैयार किए गए हैं। इस हाई-टेक बदलाव से न सिर्फ जम्मू का शहरी स्वरूप निखर गया है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी एक अलग आधुनिक अनुभव मिलेगा।
जम्मू को पर्यटन और कारोबार का नया केंद्र बनाने पर जोर
उद्घाटन समारोह में मौजूद भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी ने IANS से बातचीत करते हुए इस प्रोजेक्ट की जमकर तारीफ की। उन्होंने पुराने शहर के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले दो साल से रेजीडेंसी रोड से बाजार तक चल रहा काम पूरा हो चुका है और अब ‘सिटी जोन से पुरानी मंडी’ तक का काम चल रहा है।
मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए भी आए करोड़ों रुपये
भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी ने जम्मू को ‘मंदिरों का शहर’ बताते हुए कहा कि यहां धार्मिक पर्यटन की भी बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए करोड़ों रुपये आ चुके हैं और जल्द ही इन पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इससे न सिर्फ धार्मिक पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को भी काफी फायदा होगा।
अंत में उन्होंने कहा कि जम्मू सिर्फ एक शहर भर नहीं, बल्कि हमारी श्रद्धा और व्यापार का मुख्य केंद्र है। यहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों दोनों को एक बेहतरीन अनुभव मिले, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
क्या है इस नई रेजिडेंसी रोड-हाई स्ट्रीट की विशेषताएं?

- रेजिडेंसी रोड और उससे जुड़े हाई स्ट्रीट कॉरिडोर को नयी आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है।
- स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के पैदल चलने को आसान बनाने के लिए काबल-स्टोन और पेवर्स से चौड़े फुटपाथ बनाए गए हैं।
- दिव्यांगजनों का भी खास ख्याल रखा गया है, उनकी आवाजाही और सुरक्षा के लिए टैक्टाइल पेविंग और रैंप की व्यवस्था की गई है।
- ओवरहेड बिजली, टेलीकॉम और इंटरनेट के तारों के जाल को पूरी तरह हटाकर सभी केबलों को अंडर ग्राउंड शिफ्ट किया गया है।
- भारी बारिश में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कवर्ड ड्रेनेज सिस्टम और स्टॉर्म वाटर नालियों का पुनर्निर्माण किया गया है।
- रात के समय वहां की खूबसूरती बढ़ाने और जम्मू की पारंपरिक वास्तुकला को उभारने के लिए स्मार्ट LED हेरिटेज पोल लगाए गए हैं।
- खरीदारों और राहगीरों की सुविधा के लिए बेंच, डस्टबिन, हरियाली बढ़ाने वाले प्लांटर्स और व्यवस्थित पार्किंग जोन भी बनाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App




