जम्मू एवं कश्मीर भाजपा नेताओं पर पत्रकारों को रिश्वत देने का मामला दर्ज

Summary :

रंधावा ने कहा है कि अगर लेह के पत्रकार सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। 

अदालत के निर्देशों के बाद जम्मू एवं कश्मीर की पुलिस ने लेह जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के खिलाफ स्थानीय पत्रकारों द्वारा लगाए गए रिश्वत देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। लेह त्सावांग फुंत्सोग में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस द्वारा दायर एक आवेदन का निपटारा करते हुए कहा, ‘रिकार्ड पर सामग्री का अध्ययन और विचार करने से भारतीय दंड संहिता की धारा 171 ई और 171 एफ के तहत गैरसंपर्क अपराधों का पता चलता है, जिसमें जांच की आवश्यकता है।’

उन्होंने कहा, ‘अदालत एसएचओ पुलिस स्टेशन लेह को कानून के तहत मामले की जांच करने का आदेश देती है।’ लेह प्रेस क्लब के पत्रकारों ने जिला चुनाव अधिकारी को भाजपा नेता विक्रम रंधावा के खिलाफ शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने कहा था कि रंधावा ने दो मई को हुए संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना की मौजूदगी में पत्रकारों को रुपयों से भरे हुए लिफाफे दिए थे। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। रंधावा ने कहा है कि अगर लेह के पत्रकार सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

Desk Team