नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्षविराम उल्लंघन के मामलों में वृद्धि के बाद सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए जम्मू एवं कश्मीर का दौरा किया। चिनार कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों के साथ रणबीर सिंह ने बर्फ से ढंके अग्रिम इलाकों का दौरा किया और सबसे दुर्गम स्थल तथा कठिन पर्यावरणीय परिस्थिति में निस्वार्थ सेवा करने और प्रेरणा देने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।
रणबीर सिंह स्थिति का जायजा लेने शुक्रवार को ही, नवगठित केंद्र शासित प्रदेश पहुंच गए थे, क्योंकि सर्दियों में आम तौर पर संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाएं कम होती हैं। एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने कहा, “लेकिन एलओसी पर स्थिति सामान्य नहीं है।” इस साल 27 दिसंबर तक संघर्षविराम उल्लंघन के कुल 3,200 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं पिछले साल संघर्षविराम उल्लंघन के कुल 1,629 मामले सामने आए थे।
दिसंबर में अबतक संघर्षविराम उल्लंघन के 330 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो पिछले साल मात्र 175 थे। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान की तरफ से संघर्षविराम उल्लंघन के मामने बढ़ गए हैं। इस साल अगस्त में इसके 307 मामले, सितंबर में 292, अक्टूबर में 351 और नवंबर में 304 मामले दर्ज किए गए।


Download Android App
Download iOS App



