PDP का आरोप, वोटरों की भावनाओं को उकसाने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल कर रही है बीजेपी

Summary :

सैयद सोहेल बुखारी ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर सोमवार को लिखा, “भारतीय ध्रुवीकरण पार्टी लोगों को तिरंगे का सम्मान करने के लिए प्रवचन देगी।”

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के राष्ट्रध्वज तिरंगे को लेकर दिए गए बयान पर सियासत बुरी तरह से गर्मा चुकी है। महबूबा के बयान को लेकर आज श्रीनगर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं पीडीपी ने बीजेपी पर वोटरों की भावनाओं को उकसाने के लिए राष्ट्रध्वज का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के मीडिया सलाहकार सैयद सोहेल बुखारी ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर सोमवार को लिखा, ‘‘भारतीय ध्रुवीकरण पार्टी लोगों को तिरंगे का सम्मान करने के लिए प्रवचन देगी। ऐसे वह वोट के लिए लोगों की भावनाओं को उकसाने के लिए करेगी लेकिन उसके नेता खुद ही राष्ट्र ध्वज का अनादर करते हैं। शर्मनाक!’’ 


वह सोशल मीडिया में वायरल हो रहे उस वीडियो पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें बीजेपी के पुलवामा जिला के अध्यक्ष राष्ट्रीय ध्वज से अपने जूते को साफ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने उस वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिला के बीजेपी नेता की किसी ने भी निंदा नहीं की। बीजेपी के राष्ट्रवाद की पोल खुल गई। उम्मीद है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे नेता को सजा देंगे। ’’

Desk Team