राजस्थान में 29 अक्टूबर से 2 चरणों में होने वाले 3 जिलों में 6 नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज विजन डॉक्यूमेंट जारी कर वैश्विक महामारी कोरोना का यूडी टैक्स एवं बिजली बिल माफ कराने का वादा करते हुए और भी कई घोषणाएं की है।
केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आज विजन डाक्यूमेंट जारी किया है। जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए नगरीय बस सेवाओं में नि:शुल्क यात्रा कराने की घोषणा की गई है। मेघवाल ने बताया कि पार्टी ने कोरोना काल में राज्य सरकार से लोगों के 4 महीनों के बिजली के बिल माफ करने और व्यापारिक संस्थानों के यूडी टैक्स माफ करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने ऐसा नही किया।

उन्होंने बताया कि अब हम वादा करते है कि हमारी शहरी सरकार आई तो हम व्यापारियों की दुकान, मॉल आदि के यूडी टैक्स को माफ करेंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों की फीस माफ करने वाले स्कूलों के भी यूडी टैक्स माफ किए जायेंगे। कॉलोनियों में सड़क, सामुदायिक भवन एवं पार्को को थीम के आधार पर विकसित किए जाएंगे। जयपुर समारोह पुन: शुरू किया जाएगा, सांस्कृतिक पारंपरिक विधाओं के कलाकारों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

नगरीय बस सेवाओं के किराए में कमी की जाएगी। इनमें वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जाएगा। इसी तरह रामलीला, कृष्ण लीला एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अनुदान एवं प्रोत्साहन देने, शहरों में बरसात के दौरान सड़को पर जलभराव होने की समस्या को दूर करने के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान बनाने एवं शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किंग प्रोजेक्ट का निर्माण करने आदि कई घोषणाएं की गई।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि इस विजन डॉक्यूमेंट के साथ हमने जो पिछले चुनावों में आम जन के कार्यों को आसान करने के लिए ऑनलाइन सिस्टम विकसित करने, केंद्र की स्मार्ट सिटी योजना के तहत कार्य कराने सहित की गई कई घोषणाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।



Download Android App
Download iOS App



