कटरा (रियासी) : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी के पवित्र गुफा मंदिर में सोमवार को होने वाली एक विशेष आरती के मौके पर पार्श्व गायिका अनुराधा पौडवाल और गायक सोनू निगम भजन प्रस्तुत करेंगे।
श्री माता वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम महानवमी पर आयोजित किया जाएगा, जिसे नवरात्र उत्सव का अंतिम दिन माना जाता है।
एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सिमरनदीप सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पौडवाल और निगम रविवार को जम्मू पहुंच गए हैं।
सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली से सूफी गायक-भाजपा सांसद हंस राज हंस, गुरदास मान, कविता पौडवाल, जसपिंदर नरूला और लखविंदर वडाली ने पिछले सप्ताह मंदिर में प्रस्तुति दी थी।
इस नवरात्र, तीर्थयात्रियों को गुफा के बाहर सोने से बने द्वार की पहली झलक देखने को मिली।
सिंह ने कहा, ‘‘यह एक स्थायी द्वार है। इस पर काम तीन महीने पहले शुरू हुआ था। नवरात्र से पहले इसका निर्माण अपने अंतिम चरण में था और इसे तीर्थयात्रियों को समर्पित कर दिया गया है।’’
उन्होंने बताया, द्वार के एक तरफ देवी लक्ष्मी की प्रतिमा होगी और दूसरी तरफ उस पर प्रार्थना लिखी होगी। ऊपरी हिस्से में देवी दुर्गा, भगवान गणेश, भगवान हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं होंगी। गेट का आधार चांदी से बना होगा, जिसकी परत पर सोना चढ़ा होगा।
लगभग 11 किलोग्राम सोना, 1,100 किलोग्राम चांदी और 1,200 किलोग्राम तांबे से बने द्वार को औपचारिक रूप से 1 अक्टूबर को तीर्थयात्रियों के लिए समर्पित कर दिया गया।
अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि नवरात्र के दौरान 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी के दर्शन किए।
उन्होंने कहा कि गुफा मंदिर में 29 सितंबर से उत्सव की शुरुआत के बाद से रोजाना 40,000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



