महू उपद्रव में 13 पर कार्रवाई, वीडियो से की जा रही उपद्रवियों की पहचान

Summary :

महू उपद्रव: 13 गिरफ्तार, वीडियो से पहचान जारी

मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर के महू में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के बाद उत्सव मना रहे लोगों पर हुए पथराव की घटना में पुलिस ने 13 लोगों पर कार्रवाई की है। वहीं, अन्य की पहचान वीडियो के जरिए की जा रही है। यह जानकारी राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दी।

भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार की रात को जीत दर्ज की। उसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ इंदौर के महू में भी लोग उत्साहित थे। उन्होंने आतिशबाजी की और अपनी खुशी का इजहार किया। इसके बाद यहां पथराव और आगजनी की घटना भी हुई।

नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटना को लेकर बताया कि भारत जब चैंपियन बना तो महू में लोग उत्साह से निकले, वहां एक मस्जिद के सामने से पथराव हुआ। उसमें कुछ लोग घायल हुए, उसका वीडियो देख लिया गया है। प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। अब तक 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, वीडियो में जिनके चेहरे दिखेंगे, सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि महू में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद लोगों पर पथराव किया गया और गाड़ियों तथा दुकानों को आग लगा दी गई। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ नमाजी मस्जिद से नमाज पढ़कर निकल रहे थे। इसी दौरान किसी शरारती तत्व ने उन पर पटाखा फेंक दिया, जिसके कारण विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि पहले हिंदू पक्ष की तरफ से पथराव किया गया।

स्थानीय निवासी ने बताया कि जश्न के दौरान एक जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान किसी ने नमाजियों की तरफ एक सुतली बम फेंका, जिससे मामला बढ़ गया। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि यहां से जुलूस क्यों निकाला गया और उन्हें जुलूस निकालने की इजाजत मिली थी या नहीं। जहां तक पथराव की बात की जाए तो यह घटना पुलिस की मौजूदगी में ही घटित हुई। दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस के सामने ही पथराव शुरू कर दिया।

वहीं, महू विधायक उषा ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न मनाया जा रहा था, तभी अल्पसंख्यक समाज की बस्तियों से पथराव किया गया। इस दौरान जानबूझकर रास्ता भी डायवर्ट किया गया। मुझे लगता है कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र था। गाड़ियों में आग लगाई गई और सीसीटीवी को भी नष्ट किया गया।

पुलिस अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम की जीत को लेकर एक जुलूस निकाला गया था। इस दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ और कुछ अराजक तत्वों ने पथराव किया। साथ ही आगजनी भी की गई। इस मामले में जांच की जा रही है और पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है।

इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि महू में शांति स्थापित कर दी गई है और लोगों से अपील की जा रही है। इस घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पता चला है कि कुछ बाइक की दुकानों को जलाया गया है। इसके अलावा मामले में जांच चल रही है। फिलहाल महू इलाके में हालात सामान्य हैं। फोर्स को भी तैनात किया गया है और इस मामले में जांच की जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.