बांग्ला फिल्म के खिलाफ हिंदू संगठन ने किया प्रदर्शन

Summary :

NULL

कोलकाता : बांग्ला फिल्म रोंग बेरोन्गेर कोड़ी में दो किरदारों के नाम राम और सीता होने को लेकर उसे एक हिंदू संगठन के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। निर्देशक रंजन घोष ने हालांकि यह कहते हुए फिल्म में कोई भी बदलाव करने से इनकार कर दिया कि विरोध प्रदर्शन उनकी रचनात्मक स्वतंत्रता को रोकने की कोशिश है।

हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आज केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के स्थानीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और किरदारों के नाम में बदलाव की मांग को लेकर प्रतिवेदन दिया।

संगठन की पश्चिम बंगाल शाखा के प्रवक्ता विवेक सिंह ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी को एक पत्र भी लिखा जिसमें कहा कि फिल्म के किरदारों के नाम राम और सीता होने से हिंदुओं की भावनाएं आहत होंगी। उन्होंने कल संवाददाताओं से कहा कि वह लड़ई जारी रखेंगे और संगठन की मांग को दरकिनार कर अगर सेंसर बोर्ड ने फिल्म को मंजूरी दी तो वह कानूनी विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं।

वहीं घोष ने कहा, क्या हम आम जिंदगी में राम, लक्ष्मण, सीता, कार्तिक, सरस्वती जैसे नाम वाले लोग नहीं देखते? क्या अब वे नाम भी बदलना चाहेंगे? उन्होंने कहा, यह कलात्मक स्वतंत्रता का सवाल है, किसी कला रचना का सृजन करना एक निर्देशक का विशेषाधिकार होता है। हम अपनी स्वतंत्रता को रोकने की हर कोशिश का विरोध करेंगे।

भाजपा की बंगाल शाखा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि फिल्म किरदारों के नाम हिंदू देवी देवताओं या पौराणिक किरदारों पर रखने के चलन से समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। फिल्म में चिरणजीत चक्रवर्ती, रितुपर्णा सेनगुप्ता, रित्विक चक्रवर्ती और अरूणिमा घोष मुख्य भूमिकाएं निभा रहे हैं।

 अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team