राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची बृहस्पतिवार को जारी की। राकांपा के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल के बेटे पंकज और राज्य के पूर्व मंत्री धरमराव बाबा अतराम का नाम इस सूची में शामिल किया गया है।
पंकज भुजबल नासिक जिले के नंदगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे वहीं अतराम गढ़चिरौली जिले के अहेरी से मैदान में उतरेंगे। इस सूची में तीन महिला उम्मीदवारों – दीपिका चव्हाण (बगलान सीट), सरोज आहिरे (देवलाली) और सुलक्षणा शिलवंत (पिंपरी) के नाम भी शामिल हैं।
शरद पवार नीत पार्टी चुनाव के लिए अब तक 97 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। बुधवार को जारी 77 उम्मीदवारों की पहली समेकित सूची में अजित पवार, जयंत पाटिल और छगन भुजबल जैसे वरिष्ठ नेताओं का नाम था। राकांपा, कांग्रेस एवं अन्य छोटे दलों के साथ गठबंधन में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ रही है। राज्य में विधानसभा की 288 सीट हैं। राकांपा और कांग्रेस ने घोषणा की है कि वे 125-125 सीटों पर लड़ेंगे और शेष सीटें गठबंधन के अन्य सहयोगियों के लिए है।


Download Android App
Download iOS App



