पश्चिम बंगाल के जलपाइगुड़ी जिले में बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतरने के कारण हुए हादसे में मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर नौ हो गई। इसके साथ ही हादसे में घायल हुए 36 लोगों का इलाज़ जारी है। वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज दुर्घटनास्थल का दौरा किया।
घटनास्थल पर पहुंचे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मैं लगातार प्रधानमंत्री के संपर्क में हूं। मैं दुर्घटना स्थल पर आया हूं ताकि इसका मूल कारण पता चले और पता करके उसे हल किया जाए ताकि इस तरह की घटना की कभी पुनरावृत्ति न हो। ये बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जांच शुरू कर दी गई है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की प्रवक्ता ने बताया कि तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पश्चिम बंगाल के जलपाइगुड़ी जिले में दोमोहानी के निकट गुरुवार को बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए थे और कुछ डिब्बे पलट गए थे।
बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस हादसा : अश्विनी वैष्णव बोले-दुर्घटना की गहराई से और हर पहलू पर जांच होगी
एनएफआर की प्रवक्ता गुनीत कौर ने बताया कि हादसे में 36 अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से 23 लोगों का इलाज जलपाइगुड़ी के ‘सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल’ में चल रहा है, जबकि उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में छह लोग और मयनागुरी ग्रामीण अस्पताल में सात लोग भर्ती हैं।
उन्होंने बताया कि एनएफआर के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता बृहस्पतिवार देर रात 12 बजकर आठ मिनट पर मौके पर पहुंचे और ट्रेनों की आवाजाही को सामान्य करने के लिए पटरियों के जीर्णोद्धार कार्य की निगरानी कर रहे हैं। कौर ने कहा, ‘‘ यात्रियों को वहां से निकालने का काम पूरा हो चुका है।’’


Download Android App
Download iOS App



