पश्चिम बंगाल में शनिवार से भारतीय जनता पार्टी की रथयात्रा शुरू होने जा रही है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा नाडिया जिले से ‘परिवर्तन यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की 10 साल पुरानी सत्ता को समाप्त करने के लिए बीजेपी एड़ी चोटी का ज़ोर लगा रही है।
पार्टी के ओर से जारी बयान के अनुसार यात्रा पांच चरणों में राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में होगी जहां अप्रैल-मई में चुनाव होने की संभावना है। यात्रा शुरू होने से पहले वह कुछ समारोहों में शामिल होंगे। वह मालदा जिले के शाहपुर गांव में 3,000 से ज्यादा किसानों के साथ दोपहर का भोजन करेंगे।
बयान के अनुसार, ‘‘वह दोपहर साढ़े 12बजे मालदा में फोआरा रोड से श्री रबिन्द्रनाथ ठाकुर की प्रतिमा तक रोड शो करेंगे।’’ बीजेपी अध्यक्ष भक्ति आंदोलन के संत चैतन्य महाप्रभु को भी श्रद्धांजलि देंगे। इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ‘अदालत ने ‘रथ यात्रा’ पर स्थगन आदेश नहीं दिया है, इसलिए जिला प्रशासन इसे रोक नहीं सकता है। विपक्ष के रूप में, लोगों के बीच जाना हमारा मौलिक अधिकार है।


Download Android App
Download iOS App



