बॉडी बिल्डर और पूर्व ‘मिस्टर इंडिया’ मनोज पाटिल ने ओशिवारा में अपने घर पर सुसाइड करने की कोशिश की। पाटिल ने बुधवार को नींद की गोलियां खा लीं, जिसके बाद उन्हें मुंबई के कूपर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, बॉडी बिल्डर ने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उन्हें एक्टर साहिल खान का जिक्र किया है।
मनोज पाटिल ने पहले भी 8 सितंबर को साहिल खान पर हैरेस करने का आरोप लगाते हुए मुंबई के एक पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। मनोज पाटिल की मैनेजर ने बताया कि घटना बुधवार देर रात साढ़े 12 से एक बजे के बीच ओशिवारा में साईलीला इमारत स्थित उनके घर पर हुई।
पाटिल के परिवार वाले उन्हें तत्काल अस्पताल ले कर गए, जहां उनकी हालत ‘‘गंभीर’’ बताई जा रही है। इस बीच, ओशिवारा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पाटिल का जन्म 1992 में हुआ था और उन्होंने 2016 में ‘मिस्टर इंडिया मेन्स फिजिक ओवरऑल चैंपियनशिप’ जीती थी। इसके आलावा उन्होंने 2019 में इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ बॉडीबिल्डिंग का खिताब जीता था। इसके बाद उन्हें खूब पहचान मिली थी।