पश्चिम बंगाल में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन में मचे बवाल के बाद रविवार सुबह स्थिति शांतिपूर्ण रही। शहर के किसी हिस्से से हिंसा की अभी तक कोई खबर नहीं है। सूत्रों के अनुसार पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राज्य में 13 से 17 दिसम्बर के बीच प्रदर्शनों में कई जगह आगजनी और हिंसा की घटना हुई हैं।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद की बंगाल इकाई रविवार दोपहर रानी रश्मोमी मार्ग पर एक रैली निकालेगी। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। राज्य भाजपा इकाई भी संशोधित नागरिकता कानून के समर्थन में राज्य के कई हिस्सों में रैली और मार्च निकालेगी।
यादवपुर विश्वविद्यालय, प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय, आलिया विश्वविद्यालय, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान और कलकत्ता विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी कानून के खिलाफ शनिवार को शहीद मीनार मैदान से महजती सदन की ओर रैली की थी, जहां से भाजपा की राज्य इकाई का कार्यालय कुछ ही दूरी पर है। राज्य अधिकारियों की चेतावनी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अपील के बावजूद प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में कथित संलिप्तता के मामले में अभी तक 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



