केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने तमिल भाषा में ट्वीट कर बाढ़ प्रभावित अपने राज्य के लिए मदद की अपील की है। अब तक केरल में बाढ़ से 95 लोगों की मौत हो चुकी है। विजयन के कार्यालय के एक अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि मुख्यमंत्री ने तमिल में ट्वीट किया क्योंकि तमिलनाडु पड़ोसी राज्य है और यह वहां के लोगों तक पहुंचने की कोशिश है।
ट्वीट की शृंखला में विजयन ने कहा कि कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं कि मानसूनी बारिश से भूस्खलन और बाढ़ का सामना कर रहे केरल को मदद की कोई जरूरत नहीं है, जबकि इस बाढ़ में 95 लोगों की मौत हुई है और करीब 2.25 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। विजयन ने कहा, ‘‘केरल सरकार प्रभावितों और बाढ़ में मारे गए लोगों के परिजनों की मदद के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।’’

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले साल बाढ़ से राज्य को 31,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘इन परिस्थितियों में कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं कि केरल को मदद की जरूरत नहीं है। यह दुखद है। केरल के लोगों को आपकी मदद की जरूरत है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि मदद बड़ी है या छोटी, कृपया योगदान करें।’’


Download Android App
Download iOS App



