भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को प्रख्यात अभिनेता सौमित्र चटर्जी के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका अभिनय युवा पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।सौमित्र चटर्जी का 85 वर्ष की उम्र में कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया।नड्डा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रख्यात बंगाली कलाकार श्री सौमित्र चटर्जी के निधन पर गहरा दुख पहुंचा है। उनका लंबा और उत्कृष्ट करियर रहा और इस दौरान उन्होंने अभिनय के लिए कई पुरस्कार हासिल किए। वह युवा पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार के सदस्यों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।
चटर्जी ने मशहूर निर्देशक सत्यजीत रे की 14 फिल्मों समेत 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने समानांतर सिनेमा के साथ ही व्यवसायिक फिल्मों में विभिन्न किरदारों में खुद को बखूबी ढाला। उन्होंने मंच पर भी अभिनेता, पटकथा-लेखक और निर्देशक के तौर पर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया।
सौमित्र चटर्जी को कोविड-19 से पीड़ित होने के बाद छह अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कई अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। फिल्म ‘‘अपुर संसार’’ से फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले चटर्जी ने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी।


Download Android App
Download iOS App



