ED Raid : जानिए कौन हैं अर्पिता मुखर्जी? जिनके घर से मिले ईडी को मिले 20 करोड़ रुपए

Summary :

शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी ने बीते दिन ईडी ने पार्थ चटर्जी की करीबी माने जाने वालीं अर्पिता मुखर्जी के घर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में जांच एजेंसी ने लगभग 20 करोड़ रुपए नकद बरामद किए।

बंगाल स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) भर्ती घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ममता बनर्जी के करीबी और मौजूदा सरकार में उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी से शुक्रवार से पूछताछ शुरू की, जो शनिवार को भी जारी है। बीते दिन ईडी ने पार्थ चटर्जी की करीबी माने जाने वालीं अर्पिता मुखर्जी के घर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में जांच एजेंसी ने लगभग 20 करोड़ रुपए नकद बरामद किए।
जांच एजेंसी के अनुसार तलाशी में भारी नकदी के अलावा कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज, रिकॉर्ड, संदिग्ध कंपनियों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विदेशी मुद्रा और सोना संबंधितों के विभिन्न परिसरों से बरामद किए गए हैं। केंद्रीय एजेंसी ने यह भी दावा किया कि उसने मुखर्जी के परिसर से 20 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं। 
कभी बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रही हैं अर्पिता मुखर्जी 
20 करोड़ रुपए की नकदी बरामद होने के बाद अर्पिता मुखर्जी सुर्खियों में आ गई हैं। अर्पिता मुखर्जी का कभी बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री से नाता रहा है, लेकिन काफी कम समय के लिए। उन्होंने अपने फिल्मी कॅरियर में ज्यादातर साइड रोल ही किए हैं। उन्होंने बांग्ला फिल्मों के अलावा ओडिया और तमिल फिल्मों में भी काम किया है। 
अर्पिता मुखर्जी बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रोसेनजीत और जीत के लीड रोल वाली कुछ फिल्मों में भी साइड रोल कर चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने बांग्ला फिल्म अमर अंतरनाड में भी अभिनय किया था। केंद्रीय एजेंसियों के मुताबिक शिक्षा भर्ती घोटाले की जांच के दौरान अर्पिता मुखर्जी की संलिप्तता की बात सामने आई थी।

शिक्षक भर्ती घोटाला : पार्थ चटर्जी से जारी है ED की पूछताछ, तबियत बिगड़ने पर पहुंची डॉक्टर की टीम

Desk Team