Himachal News: राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच), शिमला में राज्य स्तरीय सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने छोटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का औपचारिक शुभारम्भ किया।
Himachal News: बच्चों के लिए खुलेगा एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपरस्पेशलिटी आयुर्विज्ञान, चमियाणा में जल्द ही एक एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस सेंटर में बच्चों के इलाज के लिए आधुनिक मशीनें, बेहतर सुविधाएं और मजबूत ढांचा तैयार किया जाएगा, ताकि प्रदेश के बच्चों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।

Himachal News Today: वृद्धजनों के लिए अस्पतालों में विशेष ओपीडी सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पतालों में ओपीडी परामर्श के लिए अलग से समय (स्लॉट) तय किया जाएगा। इस व्यवस्था से बुजुर्ग मरीजों को लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उन्हें आसानी से व समय पर इलाज मिल सकेगा।
CM Sukhu News: शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को सबसे अधिक महत्व दे रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक खाली पड़े पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है, ताकि मरीजों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सघन पल्स पोलियो अभियान का मुख्य लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पोलियो-मुक्त बनाए रखना है। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 5,793 पोलियो बूथ लगाए गए हैं, जहां शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के लगभग छह लाख बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके लिए 11,706 टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि 22 और 23 दिसंबर को मॉप-अप दिवस के दौरान घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों, प्रवासी परिवारों और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। सभी जिलों को पहले ही टीके, कोल्ड-चेन उपकरण और जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
आधुनिक तकनीक से लैस हो रहे अस्पताल
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। चमियाणा अस्पताल और कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई है। पुरानी मशीनों को बदला जा रहा है और एमआरआई, सीटी स्कैन व एक्स-रे मशीनों की स्थापना के लिए लगभग तीन हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

मरीजों से संवाद और टीम की सराहना
मुख्यमंत्री सुक्खू ने केएनएच में मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए डॉक्टरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, शिक्षकों, पंचायती राज संस्थाओं और प्रशासन की सराहना की।
रिपोर्ट: विक्रांत सूद
यह भी पढ़ें: मनरेगा खत्म करने के फैसले पर CM सुक्खू ने जताया विरोध, केंद्र सरकार पर लगाए ये गंभीर आरोप


Download Android App
Download iOS App




