हैदराबाद रेप-मर्डर केस : मंत्री मल्ला रेड्डी बोले-आरोपी को पकड़कर कर देंगे ‘एनकाउंटर’

Summary :

मल्ला रेड्डी ने कहा, यह (घटना) भयानक है। आरोपी के खिलाफ एक मुठभेड़ होनी चाहिए। वह निश्चित रूप से पकड़ा जाएगा। और (हम) मुठभेड़ करेंगे।

हैदराबाद के सईदाबाद थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले के आरोपी पर 10 लाख का इनाम घोषित किया गया है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भयंकर रोष व्याप्त है। इस बीच तेलंगाना के श्रम मंत्री सीएच मल्ला रेड्डी ने आरोपी का एनकाउंटर किए जाने की बात कही है। 
मल्ला रेड्डी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘यह (घटना) भयानक है। आरोपी के खिलाफ एक मुठभेड़ होनी चाहिए। वह निश्चित रूप से पकड़ा जाएगा। (हम) मुठभेड़ करेंगे। उसे छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है।’’ यह पूछे जाने पर कि उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना क्यों नहीं जताई, उन्होंने कहा कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम उन्हें सांत्वना देंगे। हम निश्चित रूप से अनुग्रह राशि देंगे। हम (परिवार की) हर संभव मदद करेंगे।’’

तमिलनाडु में नीट परीक्षा में फेल होने के डर से छात्रा ने की आत्महत्या

गौरतलब है कि 9 सितंबर की शाम को सैदाबाद क्षेत्र में एक व्यक्ति ने छह वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों बीजेपी, कांग्रेस और अन्य विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना के बाद देर रात इलाके के निवासियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था और उन्होंने नारेबाजी की और अपराधी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
हैदराबाद के जिलाधिकारी एल शरमन ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार की गरीबों के लिए दो कमरों वाली आवास योजना के तहत एक मकान दिया जायेगा और साथ ही पीड़ित के माता-पिता के अन्य बच्चों को शिक्षा की सुविधा प्रदान की जाएगी। सरकार द्वारा परिवार को तत्काल 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
अधिकारियों द्वारा उनसे बात करने और जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन को समाप्त कर दिया था। राज्य की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सत्यवती राठौड़, जिन्होंने 10 सितंबर को पुलिस और अन्य अधिकारियों से बात की थी, ने उनसे अपराधी को पकड़ने और कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार पीड़ित लड़की के परिवार के साथ खड़ी रहेगी। इस बीच हैदराबाद के पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सूचना या सुराग देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की मंगलवार को घोषणा की। पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा कि गंभीर प्रयासों के बावजूद आरोपी अभी भी फरार है। उन्होंने कहा कि आरोपी की उम्र करीब 30 साल है और वह एक शराबी है और फुटपाथ तथा बस स्टैंड पर सोता है।

Desk Team