कोरोना के चलते टला इंटरव्यू, डिप्रेशन में आए MPSC कैंडिडेट ने किया सुसाइड

Summary :

कोरोना संक्रमण के चलते पुणे के हडपसर में सिविल परीक्षा का इंटरव्यू स्थगित होने से तनाव में आए एक केंडिडेट ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कोरोना संक्रमण के चलते पुणे के हडपसर में सिविल परीक्षा का इंटरव्यू स्थगित होने से तनाव में आए एक केंडिडेट ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 24 वर्षीय केंडिडेट का महाराष्ट्र सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम इंटरव्यू होना था, लेकिन महामारी के चलते उसको टाल दिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। 
हडपसर थाने के एक अधिकारी ने कहा कि सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक स्वप्निल लोनकर ने 2019 महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षाएं पास कर ली थीं और वह अंतिम साक्षात्कार की प्रतीक्षा कर रहा था। उसने 2020 प्रारंभिक परीक्षा भी पास कर ली थी।
वरिष्ठ निरीक्षक बालकृष्ण कदम ने कहा, ”उसने 30 जून को अपने घर में फांसी लगा ली। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा जिसमें कहा गया है कि साक्षात्कार नहीं होने के कारण नकारात्मकता की भावना पैदा हो रही है और उसके आयु सीमा पार करने का जोखिम है। उसने यह भी कहा कि वह निराश था। उसके परिवार को उससे बहुत उम्मीदें थीं।”

Desk Team