Jamshedpur Encounter: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार देर रात पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें अपहरण कांड से जुड़े तीन अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। यह मुठभेड़ बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साईं मंदिर के पास उस वक़्त हुई, जब पुलिस हथियार की बरामदगी के लिए आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची थी।
सभी घायल अपराधियों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल अपहर्ताओं की पहचान बिहार के गयाजी जिले के रहने वाले गुड्डू सिंह, रमीज रजा और इमरान के रूप में हुई है।
Bistupur Police Encounter: अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग
तीनों आरोपी चर्चित कैरव गांधी अपहरण कांड में पुलिस की गिरफ्त में आए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि उन्होंने अपहरण के दौरान इस्तेमाल कुछ हथियार सोनारी स्थित साईं मंदिर के पीछे जंगल में छिपा रखे हैं।
पुलिस तीनों अपराधियों को लेकर हथियार की बरामदगी के लिए वैन में लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर एक आरोपी ने पुलिस से कार्बाइन छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
Jamshedpur Crime News: तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी

अपराधियों ने पुलिस पर करीब छह राउंड फायरिंग की। इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से लगभग 11 राउंड गोलियां चलीं। जिसमें तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद तीनों को काबू में लेकर तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया।
दो पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद किए गए हथियारों की जांच की जांच की जा रही है कि इनका इस्तेमाल पहले किन-किन वारदातों में किया गया था।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की कड़ियों जोड़ने का प्रयास कर रही है। आज, शुक्रवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा कैरव गांधी मामले को लेकर प्रेस वार्ता भी कर सकती हैं।
इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया

पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को भी किसी सूरत में नहीं बक्शा जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष और डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है। मामले की गहनता से जांच चल रही है और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिवसीय गोवा दौरा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर फोकस


Download Android App
Download iOS App




