नागपुर : नागपुर रेलवे स्टेशन के पास एक आवासीय क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत में बुधवार को आग की बड़ी घटना घटी। हालांकि इसे समय रहते बुझा लिया गया और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आग लगते ही निर्माणाधीन अस्पताल में काम कर रहे मजदूर फौरन सीढ़ियों से नीचे आ गये और बड़ा हादसा टल गया। चश्मदीदों के मुताबिक इमारत में करीब 300 मजदूर थे।
नागपुर नगर निगम के दमकल अधिकारी राजेंद्र उचके ने कहा कि दस मंजिला इमारत के तीसरे तल पर दोपहर करीब दो बजे आग लगी। उस समय इंटीरियर का काम चल रहा था। उन्होंने कहा कि आग ऊपर की मंजिलों की ओर नहीं बढ़ी। आग लगने के बाद आठ मजदूर धुएं के गुबार के कारण इमारत में फंस गये और कुछ देर बाद दमकल कर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
एक व्यक्ति को काफी ज्यादा धुएं में रहने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ उचके ने कहा कि हो सकता है बैल्डिंग के काम के दौरान चिंगारी से आग लग गयी हो। दमकल के कुल आठ वाहनों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। इलाके में धुआं फैल जाने के बाद पास के एक स्कूल के कर्मचारियों ने एहतियातन कदम के तौर पर बच्चों को बाहर निकाला। आसपास रहने वाले लोग भी घरों से बाहर आ गये। शाम साढ़े तीन बजे आग पूरी तरह बुझा दी गयी।


Download Android App
Download iOS App




