केरल में गर्भवती हथिनी की मौत के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग ने दी जानकारी

Summary :

विभाग ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा, “केएफडी (केरल वन विभाग) ने दोषियों की धर पकड़ शुरू कर दी है और जंगली हाथी की मौत के मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है।”

केरल में एक गर्भवती हथिनी बीते बुधवार को मानवीय क्रूरता का शिकार हो गई। उसे किसी व्यक्ति ने पटाखे से भरा अनानास खाने को दिया जिसकी वजह से वह बुरी तरह से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना से देश भर के लाखों लोग व्यथित हो उठे थे और सभी जानवर को इंसाफ दिलाने की बात कह रहे थे। इस बीच केरल वन विभाग ने शुक्रवार को पलक्कड़ में एक गर्भवती हथिनी की हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 

जांच टीम इस बात का भी पता लगा रही है कि हत्या का यह कृत्य अवैध शराब बनाने वालों का काम तो नहीं था, जो जंगलों में अपना काम करते हैं। विभाग ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा, “केएफडी (केरल वन विभाग) ने दोषियों की धर पकड़ शुरू कर दी है और जंगली हाथी की मौत के मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है।”

केरल पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जांच कर रहे हैं। गर्भवती हथिनी के मूल निवास स्थान साइलेंट वैली नेशनल पार्क के वन्यजीव वार्डन सैमुअल पचुआऊ ने कहा, “मामले में गिरफ्तारी की गई है।” उन्होंने आगे कहा, “संयुक्त जांच बहुत अच्छे से आगे बढ़ रही है। उम्मीद है मामले में और अधिक गिरफ्तारियां होंगी। अभी कुछ तय नहीं है और हम सिर्फ अनानास (जिसमें पटाखा रख के हथिनी को दिया गया) वाली थ्योरी को ही नहीं देख रहे हैं। हम उचित समय पर जवाब देंगे”

निजी अस्पतालों में कोविड-19 मरीजों के उपचार संबंधी याचिका पर SC ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के अनुसार, तीन लोगों को गुरुवार तक हिरासत में ले लिया गया था। हालांकि, जंगलों में अवैध शराब बनाने वाले लोगों की भागीदारी जैसे अन्य पहलुओं पर भी जांच दल विचार कर रहा है। केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और भाजपा सांसद एंव पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने भी घटना की निंदा की है। जावड़ेकर ने कहा कि हथिनी के हत्यारों को पकड़ने के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़गी। पटाखे खिलाकर जानवर को मार देना भारतीय संस्कृति नहीं है।
बता दें कि विभाग ने कहा था कि ऐसे कोई प्रमाण नहीं हैं कि पटाखों से भरा अन्नानास खाने के कारण हथिनी के निचले जबड़े को नुकसान हुआ और ‘‘यह महज एक संभावना’’ हो सकती है। ऐसा संदेह है कि 15 वर्षीय हथिनी ने पटाखों से भरा अन्नानास खा लिया जो उसके मुंह में फट गया, जिसके एक सप्ताह बाद 27 मई को वेलियार नदी में उसकी मौत हो गई।

Desk Team