प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी सोनल मोदी अहमदाबाद नगर निकाय चुनाव के लिये भाजपा का टिकट पाने में बृहस्पतिवार को नाकाम रहीं। दरअसल, भगवा पार्टी ने उम्मीदवारों के लिए नये नियमों का हवाला दिया है।
भाजपा ने अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के आगामी चुनाव के लिये अपने उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है, लेकिन इसमें सोनल मोदी का नाम नहीं है।
सोनल मोदी ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा था कि उन्होंने एएमसी के बोदकदेव वार्ड से चुनाव लड़ने के लिये भाजपा से टिकट मांगा है।
सोनल मोदी, प्रधानमंत्री मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी की बेटी हैं, जो शहर में राशन दुकान चलाते हैं तथा गुजरात उचित दर दुकान संघ के अध्यक्ष भी हैं।
भाजपा की ओर से बृहस्पतिवार देर शाम जारी की गई सूची में बोदकदेव या किसी अन्य वार्ड से सोनल को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल से जब सोनल मोदी को टिकट नहीं दिये जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि नियम सबके लिये बराबर हैं।
गौरतलब है कि गुजरात भाजपा ने हाल ही में घोषणा की थी कि पार्टी नेताओं के रिश्तेदारों को आगामी चुनाव में टिकट नहीं दिया जाएगा।
हालांकि, सोनल मोदी ने दावा किया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री की भतीजी होने के नाते नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ता की हैसियत से टिकट मांगा था।
गुजरात के राजकोट, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर समेत कुल छह नगर निगमों के चुनाव के लिये 21 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों के लिये 28 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



