आदिपुरुष पर नहीं थम रही सियासी बयानबाजी, बघेल बोले: BJP को राम-हनुमान से नहीं, व्यवसाय और वोट से मतलब

Summary :

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने आदिपुरुष फिल्म को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी को न राम से मतलब है और न ही हनुमान से, इनको केवल अपने व्यवसाय और वोट से मतलब…

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने आदिपुरुष फिल्म को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी को न राम से मतलब है और न ही हनुमान से, इनको केवल अपने व्यवसाय और वोट से मतलब है। बघेल मध्य प्रदेश के अनूपपुर के अमरकंटक पहुंचे और उन्होंने यहां नर्मदा उद्गम स्थल पर पूजा अर्चना की, साथ ही रात्रि विश्राम किया।
धारा 370 पर कही ये बात 
बघेल ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जहां तक धारा 370 को हटाए जाने की बात है, बीजेपी के घोषणा पत्र में था और इसके लिए लंबे समय से वो संघर्ष कर रहे थे, लेकिन वहां राज्य को विघटित कर दिया गया, वहां न लोगों को विश्वास में लिया, न तो वहां की जनता को विश्वास में लिया और न ही राजनीतिक दलों को विश्वास में लिया। यह जम्मू कश्मीर और लद्दाख के लोगों के साथ धोखा है।

जानिए भाजपा को क्यों घेरा 
भूपेश बघेल ने कहा, जहां तक राम मंदिर की बात है, राम मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हुआ है। इनके कहने से नहीं हुआ है। इनका अब तक जो दिखाई देता है वह यह है कि न तो इन्हें राम से मतलब है और न ही हनुमान से। इनको केवल अपने व्यवसाय और वोट से मतलब है। इनकी आस्था नहीं है। अगर आस्था इनकी होती तो जिस प्रकार से आदिपुरुष फिल्म आई है, इसमें सभी बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को धन्यवाद दिया गया है। अभी तक उनके किसी भी मुख्यमंत्री का बयान नहीं आया है। इसका मतलब यह है कि जो फिल्म है यह बीजेपी के द्वारा प्रोजेक्ट की गई है और हमारे हनुमान जी, राम जी को लोगों की मन में जो तस्वीर और छवि है, उसे बिगाड़ने की कोशिश है।

Desk Team