रायगढ़ हादसा : PM मोदी ने लोगों की मौत पर जताया दुख, गृह मंत्री शाह ने भी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया

Summary :

महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन के कारण लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन के कारण लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन से लोगों की मौत पर दुखी हूं। मृतक लोगों के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं है।


उन्होंने कहा कि मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भूस्खलन के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ से प्रत्येक को 2-2 लाख रूपए की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50,000 रूपए भी दिए जाएंगे। 

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और और रायगढ़ में भारी बारिश एवं भूस्खलन के बाद उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। शाह ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों की जान बचाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। उन्होंने ट्विटर पर शोक जताते हुए लिखा, “महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) मुख्यालय के महानिदेशक (डीजी) से बात की है। एनडीआरएफ की टीम राहत व बचाव कार्यों में जुटी हुई है। केंद्र सरकार लोगों की जान बचाने के लिए वहां हर सम्भव मदद पहुंचा रही है।’’


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे स्थिति की समीक्षा कर रहे है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम मुंबई से करीब 160 किलोमीटर दूर महाड पहुंच चुकी है और राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गई है।एक अन्य टीम के भी जल्द पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के तटीय रायगढ़ जिले के एक गांव के पास भूस्खलन में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि महाड़ तहसील के तलाई गांव के पास हुई घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

महाराष्ट्र के रायगढ़ में भीषण भूस्खलन से हुई बड़ी तबाही, मलबे में दबने से 30 से अधिक लोगों की मौत

Desk Team