मुंबई क्रूज ड्रग्स केस को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक एनसीबी अधिकार समीर वानखेड़े पर हमलावर है। एनसीपी नेता ने इस मामले में एक बार फिर वानखेड़े परिवार को एक बार निशाने पर लेते हुए एनसीबी अधिकार की साली हर्षदा रेडकर को भी इस विवाद में घसीट लिया है। नवाब मलिक के आरोपों के बाद हर्षदा रेडकर ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। वानखेड़े परिवार की ओर से मलिक के खिलाफ यह तीसरी एफआईआर है।
दरअसल, मंगलवार को एक ट्वीट में महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने एनसीबी अफसर समीर वानखेड़े से पूछा है कि क्या उनकी पत्नी की बहन (साली) ड्रग्स के काले धंधे से जुड़ी थीं? उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘समीर दाऊद वानखेड़े क्या आपकी साली हर्षदा दीनानाथ रेडकर ड्रग्स के धंधे में थीं? आपको जवाब देना चाहिए क्योंकि उनका केस पुणे कोर्ट में लंबित है। यह रहा उसका सबूत.’ अपन ट्वीट के साथ नवाब मलिक ने कुछ स्क्रीनशॉट अटैच किए हैं, जिसमें एक केस का जिक्र है।
एनसीपी नेता के इस ट्वीट के बाद हर्षदा रेडकर ने गोरेगांव पुलिस में महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354 डी, 503 और 506 और महिला अश्लील प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1986 की धारा 4 के तहत एक ट्वीट को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
हर्षदा रेडकर ने कहा कि “पिछले कुछ दिनों से, मैं यह देखकर हैरान हूं कि मेरा नाम इंटरनेट और अन्य सोशल मीडिया पर यह दावा कर रहा है कि मुझे अनैतिक तस्करी से जुड़े अपराधों और/या ड्रग्स के कथित कब्जे के संबंध में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि साल 2018 में एक पेशेवर प्रतिद्वंद्विता के कारण उन्हें उनके अभिनय करियर के दौरान फंसाया गया था।
राज्यपाल से मिला वानखेड़े परिवार
समीर वानखेड़े के परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और राज्य के मंत्री नवाब मलिक द्वारा निशाना बनाए जाने पर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही, वानखेड़े की एक मौसी, जिनकी पहचान गुनफाबाई भालेराव के रूप में हुई है, ने मलिक के खिलाफ औरंगाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और राकांपा मंत्री के खिलाफ अपने परिजनों को ‘मुस्लिम’ कहने के लिए कार्रवाई करने की मांग की।
समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर, पिता ज्ञानदेव और बहन यास्मीन ने राजभवन जाकर राज्यपाल को उस स्थिति से अवगत कराया, जिसका वानखेड़े सामना कर रहे हैं, क्योंकि मलिक ने एनसीबी अधिकारी पर सिलसिलेवार तरीके से कई गंभीर आरोप लगाए हैं। राज्यपाल से मुलाकात के बाद क्रांति रेडकर ने बाद में मीडियाकर्मियों से कहा, “हमने उन्हें बताया कि हम किस तरह के उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं, हमें विभिन्न पक्षों से धमकियां मिल रही हैं और हमारे खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं। राज्यपाल ने हमें संयम बरतने की सलाह दी है।”


Download Android App
Download iOS App



