स्पाइसजेट को अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट से केवडिया जिले में स्थित सरदार वल्लभाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा ‘स्टैच्यू आफ यूनिटी’ तक चार्टर उड़ान भरने की अनुमति मिल गई है। केंद्र सरकार ने बुधवार को स्पाइसजेट टेकनीक प्रा.लि को उड़ान भरने की अनुमति दी है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) ने हाल में स्पाइसजेट टेकनीक प्रा.लि. द्वारा साबरमती रिवर फ्रंट, अहमदाबाद से स्टैच्यू आफ यूनिटी, केवडिया के बीच चार्टर आधार पर परिचालन के लिए मालदीवियन एयरलाइन के डीएचसी-6-300 विमान (अनप्रेशराइज्ड विमान) को अनुमति प्रदान की है।
पुरी ने कहा,‘‘ उक्त विमान को भारत में प्रचालित करने की अनुमति देने से पूर्व, डीजीसीए ने सुनिश्चित किया है विमान उड़ानयोग्य है और प्रचालन के लिए सुरक्षित है।’’ उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) 20 वर्ष से अधिक पुराने अनप्रेशराइज्ड विमान के आयात की अनुमति पूर्ण परीक्षण के बाद मामला दर मामला आधार पर देता है।


Download Android App
Download iOS App



