Sunetra Pawar Next Deputy Minister: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) का बुधवार सुबह बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया है। इस दुखद घटना के बाद राज्य की राजनीति में तेजी से बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। खासतौर पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar) को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की है।
बताया जा रहा है कि इन नेताओं ने सुनेत्रा को राज्य का (Deputy Chief Minister Maharashtra) उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखने पर चर्चा की है। इतना ही नहीं, संभावना है कि सुनेत्रा पवार अपने दिवंगत पति अजित पवार की विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ सकती हैं। फिलहाल वह राज्यसभा सांसद हैं और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

Sunetra Pawar Next Deputy Minister: एनसीपी में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा
अजित पवार के निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के भविष्य को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। खबर है कि प्रफुल्ल पटेल को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस प्रस्ताव को लेकर वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) से मुलाकात करने वाले हैं। इसके साथ ही एनसीपी (एसपी) के संभावित विलय पर भी बातचीत हो सकती है। पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि इस मुश्किल समय में संगठन को मजबूत रखने के लिए बड़े फैसले लेने जरूरी हैं।

नेताओं की प्रतिक्रिया
एनसीपी नेता नरहरि जिरवाल ने कहा कि कई लोग चाहते हैं कि “वाहिनी” यानी सुनेत्रा पवार को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए। उनका कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावना है कि अजित पवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया जाए। गौरतलब है कि एनसीपी महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की अहम पार्टी है, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना भी शामिल हैं।

कैसे हुआ विमान हादसा?
बुधवार को अजित पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे। उन्हें पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए रैलियों को संबोधित करना था। लेकिन लैंडिंग के समय विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे के पास गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान डगमगाया और कुछ ही सेकंड में हादसे का शिकार हो गया। क्रैश होते ही कई तेज धमाके हुए और प्लेन आग की लपटों में घिर गया। इस हादसे में अजित पवार के साथ एक सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर की भी मौत हो गई। विमान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया था।

राज्य में शोक की लहर
अजित पवार के अचानक निधन से पूरे महाराष्ट्र में शोक का माहौल है। राजनीतिक नेताओं से लेकर आम जनता तक सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी और क्या सुनेत्रा पवार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ें: क्या होता है Black Box? अब सामने आएगी अजित पवार के प्लेन क्रेश होने की असली वजह!


Download Android App
Download iOS App




