महाराष्ट्र में कोरोना वायरस महामारी के नियंत्रण होने के बाद अब सब कुछ पहले की तरह धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। ऐसे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा कि राज्य में थियेटर और सिनेमा हॉल को उचित अग्नि एवं ढांचा सुरक्षा जांच के बाद खोला जाना चाहिए। राज्य में 22 अक्टूबर से सिनेमा हॉल और थियेटर खुल रहे हैं।
‘‘सिनेमा ऑनर्स के साथ CM उद्धव की बैठक
‘‘सिनेमा ऑनर्स एवं एक्जिबिटर्स एसोसिएशन’’ के पदाधिकारियों के साथ यहां बैठक में ठाकरे ने कहा कि एकल स्क्रीन वाले सिनेमा हॉल की वित्तीय समस्याओं का समाधान करने के लिए वित्त विभाग के साथ मिलकर उचित हल ढूंढा जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान में बताया गया, ‘‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज कहा कि राज्य में सिनेमा हॉल को उचित अग्नि एवं ढांचा सुरक्षा जांच के साथ खोला जाना चाहिए।’’
फिल्म उद्योग को हरसंभव सहयोग देगी महाराष्ट्र सरकार
‘‘पूना एक्जिबिटर्स एसोसिएशन’’ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि राज्य सरकार विभिन्न लाइसेंस नवीनीकरण में छूट देने के साथ ही सिनेमा लाइसेंस का नवीनीकरण नि:शुल्क करे। साथ ही इसने जीएसटी भुगतान के बाद सेवा शुल्क के तौर पर प्रति टिकट 25 रुपये लेने की अनुमति दिए जाने की भी मांग की। एसोसिएशन की तरफ से नितिन दातार, निमेश सोमैया, सदानंद मोहोल, अशोक मोहोल और प्रकाश चाफलकर ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांगें रखीं।
इस मौके पर राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, परिवहन मंत्री अनिल परब, गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल, पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। शरद पवार ने ट्वीट किया, ‘‘बैठक के दौरान आश्वस्त किया गया कि राज्य सरकार फिल्म प्रदर्शन व्यवसाय को पुनर्जीवित करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।’’


Download Android App
Download iOS App



