टावर पर चढ़े एनएसयूआई से जुड़े तीन छात्र

Summary :

एसएमजेएन पीजी कॉलेज में कक्षा प्रतिनिधि सिस्टम से चुनाव कराने की मांग को लेकर एनएसयूआइ से जुड़े छात्रों ने हंगामा किया

हरिद्वार : एसएमजेएन पीजी कॉलेज में कक्षा प्रतिनिधि सिस्टम से चुनाव कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई से जुड़े  छात्रों ने हंगामा किया। कई छात्र परिसर में स्थित टावर पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। छात्रों और संगठन के पदाधिकारियों की कॉलेज प्राचार्य से भी नोकझोंक हुई। उन्होंने प्राचार्य पर एबीवीपी के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने खराब माहौल का हवाला देते हुए चुनाव कराने से मना कर दिया है। 
उन्होंने प्रबंधन के इस फैसले की जानकारी जिलाधिकारी को भी दे दी है। प्राचार्य ने छह सितंबर तक कॉलेज में अवकाश  घोषित कर दिया है। एनएमजेएन पीजी कॉलेज में दूसरे दिन भी चुनाव को लेकर माहौल गर्म रहा। एनएसयूआइ के शहर अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने कॉलेज गेट पर कक्षा प्रतिनिधि सिस्टम से चुनाव कराने की मांग को लेकर नारेबाजी और हंगामा किया। 
इसी बीच सचिन कश्यप, दीपांशु बालियान, अभिषेक चौधरी परिसर में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन एबीवीपी के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्राचार्य एबीवीपी के दबाव में आकर चुनाव स्थगित करते हैं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। हालांकि कुछ देर बाद छात्र खुद ही टावर से  नीचे उतर आए।   

Desk Team