तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को 3 दिनों का धरना शुरू किया और इन जन-विरोधी कानूनों को फौरन वापस लिए जाने की मांग की। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बेचराम मन्ना के नेतृत्व में पार्टी के किसानों और कृषि श्रमिक शाखा ने आज दोपहर मध्य कोलकाता में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने अपना धरना शुरू किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां लेकर नये कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे हैं। मन्ना ने कहा, ‘‘हम किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दे का समर्थन करते हैं और प्रदर्शन करेंगे और धरना देंगे। लेकिन हम बंद के खिलाफ हैं और राज्य में ऐसा नहीं करेंगे।’’
बता दें कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस ने नये कृषि कानूनों के खिलाफ 8 दिसंबर को यानि आज किसानों द्वारा किए गए बंद के आह्वान का नैतिक समर्थन करने का फैसला किया और पार्टी किसानों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करते हुए तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में धरना देगी। ममता द्वारा 10 दिसंबर को विरोध-प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करने के साथ यह धरना संपन्न होगा। केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों के भारत बंद का राज्य में मिलाजुला असर देखने को मिला है।


Download Android App
Download iOS App



