देहरादून : राजधानी देहरादून में पांच मतदाता रथ जगह-जगह मतदाताओं को जागरूक करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने सचिवालय से दून वोटर एक्सप्रेस नामक इन रथों को रवाना किया। इस अवर पर ‘वोट दून वोट’ अभियान गीत भी लॉन्च किया गया। इन रथों के माध्यम से नौ अप्रैल तक देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी सौजन्या ने सचिवालय से इन पांचों मतदाता जागरूकता रथों को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि इस बार उत्तराखंड में शत प्रतिशत ईवीएम और वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदाता को मतदान से पूर्व वोटर स्लिप वितरित की जाएगी, जिससे किसी भी मतदाता को अपना निर्वाचक नामावली क्रमांक, मतदेय स्थल आदि का विवरण सुगमता से प्राप्त हो सके।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान के साथ सूची मतदाता की पहचान के रूप में मान्य नहीं होगी। इसके लिए आयोग ने 11 दस्तावेजों को पहचान के लिए विकल्प के लिए अधिसूचित किया है।
इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य और केंद्र सरकार के उपक्रम व पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, बैंक व डाकघरों द्वारा जारी फोटो युक्त पासबुक, पैन कार्ड आदि शामिल हैं। मतदाताओं को प्रलोभन में आए बिना वोट देने को प्रेरित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने कहा कि रथों के माध्यम से नौ अप्रैल तक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
विशेष रूप से युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर व बीते चुनावों में कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में ये अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी षणमुगम, मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह व झरना कमठान आदि उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



