मोहाली : आईपीएल-12 के पहले रोमांच से भरे सुपर ओवर मुकाबले में जीत से उत्साहित दिल्ली कैपिटल्स के लिये सोमवार को घर में मजबूत दिख रही किंग्स इलेवन पंजाब की मुश्किल चुनौती रहेगी। दिल्ली ने कोलकाता नाइटराइडर्स को अपने घरेलू कोटला मैदान में कड़ी टक्कर दी और मैच 185 के स्कोर पर टाई रहने के बाद सुपर ओवर में जीत सुनिश्चित की।
दूसरी ओर पंजाब के लिये पिछला मैच घरेलू मैदान पर लगभग एकतरफा रहा जिसमें उसने तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स को आठ गेंदें शेष रहते ही आठ विकेट से हराया। आईपीएल के एक दशक के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब दोनों ही टीमें खिताब से हमेशा दूर रही हैं लेकिन इस बार उनकी लय और नयी उर्जा अभी तक कमाल की रही है, हालांकि दोनों ही टीमों पर लय कायम रखना एक बड़ी चुनौती भी है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने तीन मैचों में दो जीते हैं और नेट रन रेट के हिसाब से वह तालिका में दूसरे नंबर पर है जबकि पंजाब ने भी तीन मैचों में एक ही गंवाया है और अभी वह चौथे नंबर पर है। दिल्ली और पंजाब के लिये मुकाबला बराबरी का माना जा रहा है लेकिन घरेलू मैदान पर रविचंद्रन अश्विन की मेजबान टीम को घरेलू परिस्थितियों का फायदा रहेगा।
पिछला मैच मुंबई से सहजता से जीतने के बाद उसका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। पंजाब का मुंबई के खिलाफ प्रदर्शन संतोषजनक रहा था और उसने न सिर्फ रोहित शर्मा की स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम को 176 पर रोका बल्कि बल्लेबाजी में भी कमाल किया।


Download Android App
Download iOS App



