पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह शुक्रवार को उस कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां नवजोत सिंह सिद्धू औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे। नवनियुक्त चार कार्यकारी अध्यक्षों में से एक कुलजीत सिंह नागरा ने इसकी पुष्टि की और कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पदभार संभालने के कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया है।
पिछले कुछ समय से सिद्धू और अमरिंदर का टकराव चल रहा है। अमृतसर (पूर्व) के विधायक सिद्धू ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वह उनसे नहीं मिलेंगे। सिद्धू शुक्रवार को यहां पंजाब कांग्रेस भवन में औपचारिक रूप से चार कार्यकारी अध्यक्षों के साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यभार संभालेंगे।
अमरिंदर सिंह और पार्टी के अन्य विधायक पहले पंजाब भवन में इकट्ठा होंगे। इसके बाद वे पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम स्थल पंजाब कांग्रेस भवन जाएंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



