पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है। लेकिन चुनावों से पहले ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की हार का दावा कर दिया है। केजरीवाल ने कुछ सर्वेक्षणों का हवाला देते हुए दावा किया कि अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को उनके निर्वाचन क्षेत्र चमकौर साहिब में हार का सामना करना पड़ेगा।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हमारा सर्वेक्षण दिखा रहा है कि चन्नी जी चमकौर साहिब से हार रहे हैं। टीवी पर ईडी के अफ़सरों को नोटों की इतनी मोटी-मोटी गड्डियां गिनते देख लोग हैरान हैं।’’ 20 फरवरी को होने वाले मतदान में चन्नी चमकौर साहिब सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हैं।
हमारा सर्वे दिखा रहा है कि चन्नी जी चमकौर साहिब से हार रहे हैं। TV पर ED के अफ़सरों द्वारा इतनी मोटी मोटी नोटों की गड्डियाँ गिनते देख लोग सदमे में हैं। https://t.co/Ret9DDiUGP
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 21, 2022
केजरीवाल ने ईडी की छापेमारी पर कांग्रेस नेता को घेरने की कोशिश करते हुए बुधवार को कहा था कि चन्नी आम आदमी नहीं ‘‘बेईमान आदमी’’ हैं। आप संयोजक ने अपनी टिप्पणी के माध्यम से चन्नी के खुद को आम आदमी बताने के प्रयासों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। चन्नी पिछले साल पंजाब के मुख्यमंत्री बनने के बाद से खुद को एक आम आदमी दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट किया था, ‘‘चन्नी आम आदमी नहीं, बेईमान आदमी हैं।’’ वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री से उनके रिश्तेदार के ठिकानों पर ईडी के छापे में भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था।
अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी में ED ने जब्त किए 10 करोड़ रुपए
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब में अवैध बालू खनन के संदर्भ में धनशोधन जांच के सिलसिले में बुधवार को छापेमारी के दौरान 10 करोड़ रुपए नकद जब्त किए थे, जिनमें आठ करोड़ रुपए मुख्यमंत्री चन्नी के रिश्तेदार के यहां से मिले थे। ईडी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पंजाब में ‘अवैध’ खनन और सम्पत्ति हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल फोन, 21 लाख रुपए मूल्य से अधिक का सोना और 12 लाख रुपये कीमत की एक ‘रोलेक्स’ घड़ी भी जब्त की गई है।
CM चन्नी ने ED की कार्रवाई को बताया केंद्र की साजिश
बालू खनन मामले में रिश्तेदार पर हुई कार्रवाई को लेकर चन्नी ने बीजेपी नीत केंद्र सरकार पर उन्हें फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। वहीं, कांग्रेस ने गुरुवार को निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी ‘‘ अवैध एवं दुर्भावनापूर्ण’’ तरीके से चन्नी और मौजूदा राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए छोपमारी कर रहे हैं। पार्टी ने ईडी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की थी।


Download Android App
Download iOS App



