पंजाब में बिजली संकट को लेकर मायावती का ट्वीट, कांग्रेस सरकार पर लगाया आरोप

Summary :

बीएसपी प्रमुख मायावती का कहना है कि पंजाब में बिजली संकट का असर वहां की जनता पर पड़ रहा है और कांग्रेस सरकार आपसी खींचतान में उलझी है।

पंजाब कांग्रेस में जारी कलह के बीच राज्य में बिजली संकट का मुद्दा सामने आया है। ऐसे में बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने शनिवार को ट्वीट कर कांग्रेस पर हमला किया। बीएसपी प्रमुख का कहना है कि पंजाब में बिजली संकट का असर वहां की जनता पर पड़ रहा है और कांग्रेस सरकार आपसी खींचतान में उलझी है। 
मायावती ने ट्वीट कर लिखा, पंजाब में बिजली के गंभीर संकट से आमजन-जीवन, उद्योग-धंधे व खेती-किसानी आदि बुरी तरह से प्रभावित, जो यह साबित करता है कि वहां की कांग्रेस सरकार आपसी गुटबाजी, खींचतान व टकराव आदि में उलझकर जनहित व जनकल्याण की ज़िम्मेदारी को तिलांजलि दे चुकी है, जिसका जनता को संज्ञान लेना जरूरी।


उन्होंने एक नए ट्वीट में लिखा, पंजाब के बेहतर भविष्य व राज्य में वहां के लोगों की भलाई इसी में निहित है कि वे कांग्रेस पार्टी की सरकार से मुक्ति पाएं तथा आगामी विधानसभा आमचुनाव में शिरोमणि अकाली दल व बीएसपी गठबंधन की पूर्ण बहुमत वाली लोकप्रिय सरकार बनाना सुनिश्चित करें, ऐसी मेरी सभी से गुज़ारिश।

गौरतलब है कि भीषण गर्मी के चलते पंजाब को बिजली संकट का सामना करना पड़ रह है। राज्य में प्रति दिन बिजली की मांग 14,000 मेगावाट से अधिक होने पर पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने बिजली कटौती और उद्योगों पर पाबंदियां लगाई हैं। 

Desk Team