कोरोना काल का गहरा असर, महज एक यात्री को लेकर उड़ा एयर इंडिया का विमान, जानिए पूरा अजीब वाकया

Summary :

एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि ओबरॉय बुधवार तड़के तीन बजकर 45 मिनट पर अमृतसर से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया के विमान में इकलौते यात्री थे।

कोरोना वायरस के काल में एक से बढ़कर एक अजीबो-गरीब मामले सामने आए हैं, लेकिन अब तो एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सबको आचंभित कर दिया। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते एक देश से दूसरे देश में विमान की आवाजाही बहुत ही कम है और विशेष तौर पर चलाए जा रहे विमान ही उड़ान भर रहे है। ऐसे में जाहिर सी बात है कि विमान में यात्रियों की संख्या भी कम ही होगी। लेकिन यहां पर तो कुछ अलग ही वाकया घटित हो गया। 
दरअसल, संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय कारोबारी एस पी सिंह ओबरॉय उस समय हैरान रह गए जब अमृतसर से दुबई जाने वाले एयर इंडिया के विमान में इकोनोमी क्लास के टिकट से यात्रा करने के दौरान उन्होंने अपने आप को अकेला देखा।
एक अधिकारी ने बताया कि ओबरॉय बुधवार तड़के तीन बजकर 45 मिनट पर अमृतसर से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया के विमान में इकलौते यात्री थे। दुबई जाने वाले इस विमान में उन्होंने तीन घंटे का सफर तय किया। ओबरॉय के पास गोल्डन वीजा है जिससे उन्हें संयुक्त अरब अमीरात में 10 साल तक रहने की मंजूरी मिल गयी।
उड़ान के दौरान उन्होंने चालक दल के सदस्यों के साथ तस्वीरें खिंचवाई। एयर इंडिया ने इस मामले पर बयान देने के अनुरोध पर जवाब नहीं दिया। पिछले पांच हफ्तों में यह तीसरी बार है जब दुबई जाने वाले विमान में केवल एक ही यात्री मौजूद था।
मुंबई से दुबई जाने वाले एक विमान में 19 मई को 40 वर्षीय भावेश जावेरी नाम का ही इकलौता यात्री सवार था। तीन दिन बाद ओस्वाल्ड रोड्रिगेज नाम के एक अन्य शख्स ने एयर इंडिया के विमान में मुंबई से दुबई की यात्रा अकेले की थी।महामारी से पहले अधिक मांग के कारण भारत से दुबई जाने वाले विमान में बहुत लोग उड़ान भरते थे। महामारी के बाद से इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या बेहद कम हुई है।

Desk Team