जालंधर : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दो करोड़ रुपये लिये जाने के उनकी ही सरकार के एक पूर्व कैबिनेट मंत्री के आरोपों के बाद प्रदेश भाजपा ने दिल्ली सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश शांतिदूत ने आज यहां बयान जारी कर कहा, ”दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर उनकी ही सरकार के एक पूर्व मंत्री ने एक मंत्री से दो करोड़ रुपये लेने तथा निकटतम रिश्तेदार के लिए जमीन का सौदा कराने का आरोप
लगाया है।
यह एक गंभीर आरोप है तथा इन आरोपों की जांच होनी चाहिए।” शांतिदूत ने कहा, ”दिल्ली सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए और मुख्यमंत्री पर लगे आरोपों की जांच करायी जानी चाहिए क्योंकि सरकार के मुखिया पर उनके ही सहयोगियों ने यह गंभीर आरोप लगाए हैं।” उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनावों में भी आम आदमी पार्टी के केंद्रीय नेताओं पर पैसे लेकर टिकट देने या टिकट बेचने के आरोप लगते रहे हैं। आप नेता तथा दिल्ली के बर्खास्त मंत्री कपिल मिश्र के आरोपों से यह साबित हो गया है कि ईमानदार होने का ‘ढोंग’ करने वाले केजरीवाल भ्रष्टाचारियों की टोली के मुखिया हैं और उनकी पार्टी भ्रष्ट पार्टी है। भाजपा नेता ने कहा कि अगर केजरीवाल में थोडी भी नैतिकता बाकी हो तो वह स्वयं अपने पद से इस्तीफा देकर हट जाये और जांच का सामना करें।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



