पंजाब पुलिस ने तरनतारन जिले से 3 आतंकियों को किया गिरफ्तार, हथियार और विस्‍फोटक भी किए गए बरामद

Summary :

पंजाब पुलिस ने तरनतारन जिले में तीन आतंकियों को हथियार और विस्‍फोटक के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आतंकी बड़ी वारदात कर पंजाब को दहलाने की फिराक में थे।

पंजाब पुलिस ने तरनतारन जिले में तीन आतंकियों को हथियार और विस्‍फोटक के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आतंकी बड़ी वारदात कर पंजाब को दहलाने की फिराक में थे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार ये तीनों आतंकी पंजाब के ही मोगा जिले के रहने वाले हैं। इनकी पहचान कुलविंदर सिंह निवासी गांव रौली, कमलप्रीत सिंह मान निवासी वार्ड छह मोगा, कंवर पाल सिंह निवासी गोविंद बस्ती के तौर पर हुई है। 
तरनतारन के एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मण ने बताया कि रात को थाना भिखीविंड के प्रभारी इंस्पेक्टर नवदीप सिंह भट्टी अपनी टीम के साथ गश्‍त पर थे। जिले के गांव भगवानपुरा के पास नाके दौरान पुलिस टीम ने संदेह होने पर एक कार को रोका। इसमें तीन लोग सवार थे। 
एसएसपी ने बताया कि कार और इसमें सवार लोगों की तलाशी लेने के बाद हथियार व विस्फोटक बरामद हुए। तीनों की तलाशी दौरान एक पिस्टल 9 एमएम, 11 कारतूस, एक विदेशी हथगोला और विस्‍फोटक सामग्री बरामद की गई। उन्‍होंने बताया कि तीनों आतंकियों को आज कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ में आतंकियों ने बड़ी वारदात करने की साजिश का खुलासा किया है। 
तीनों आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके ठिकानों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में तलायशी अभियान भी शुरू कर दिया है। गिरफ्तार आतंकियों से पछूताछ में पता लगाने की कोशिश हो रही है कि उनको हथियार व विस्‍फोटक कहां से मिले। 

Desk Team