Holi को लेकर Punjab में सुरक्षा सख्त, Police ने चलाया तलाशी अभियान

Summary :

पंजाब में 262 बस स्टैंडों पर तलाशी अभियान, 175 लोग हिरासत में

होली से पहले पंजाब पुलिस ने रविवार को 262 बस स्टैंडों पर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर सभी 28 पुलिस जिलों में चलाया गया।

राज्य स्तरीय इस अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे विशेष पुलिस महानिदेशक (विशेष डीजीपी) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने कहा कि सभी पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर के अधिकारियों की निगरानी में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने खोजी कुत्तों की मदद से बस स्टैंड पर आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली। साथ ही टीमों ने सत्यापन के लिए संदिग्ध लोगों को भी पकड़ा। उन्होंने कहा कि हमने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए थे कि वे इस अभियान के दौरान हर व्यक्ति से दोस्ताना और विनम्र तरीके से पेश आएं।

Punjab के Ludhiyana में बहुमंजिला इमारत गिरी, छह लोगों के दबे होने की आशंका

विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य भर में 121 राजपत्रित रैंक के अधिकारियों की निगरानी में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 400 पुलिस पार्टियों को तैनात किया गया था, ताकि राज्य के विभिन्न बस स्टैंडों पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी की जा सके और लोगों को कम से कम असुविधा हो।

उन्होंने कहा कि राज्य के लगभग 262 बस स्टैंडों पर चलाए गए अभियान के दौरान लगभग 3,868 लोगों की जांच की गई, जबकि पुलिस टीमों ने पूछताछ के लिए 175 लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान दो आपराधिक मामले भी दर्ज किए हैं और 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बस स्टैंडों और उसके आसपास खड़े वाहनों की भी जांच की है। उन्होंने कहा कि टीमों ने 208 वाहनों का चालान किया और 14 वाहनों को जब्त किया है। विशेष डीजीपी शुक्ला ने दोहराया कि सीमावर्ती राज्य में शांति और सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.