शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के प्रमुख ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनसे अपील की कि सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे का दौरा करने की अनुमति दी जाए।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को 600 सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान में फैले कोविड-19 का हवाला देते हुए वहां जाने की अनुमति देने से इंकार कर दिया था।
सिखों और साका ननकाना साहिब की शहादत की वर्षगांठ पर सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था 18 फरवरी से 25 फरवरी तक पाकिस्तान की यात्रा पर जाने वाला था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में एसजीपीसी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने कहा कि सरकार के निर्णय से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और इस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
कौर ने कहा, ‘‘जिन श्रद्धालुओं को वीजा मिला है उन्हें श्री ननकाना साहिब में 21 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनुमति दी जानी चाहिए।’’
एसजीपीसी प्रमुख ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार को सिखों की भावनाओं को समझना चाहिए और समुदाय को 21 फरवरी के कार्यक्रम के लिए अनुमति देनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



