चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने सोमवार को लोकसभा चुनावों के लिये मौजूदा सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा समेत तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। पार्टी की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक चंदूमाजरा को दोबारा आनंदपुर साहिब सीट से टिकट दिया गया है जबकि पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा पटियाला सीट से चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व आईएएस अधिकारी दरबारा सिंह गुरु को फतेहगढ़ साहिब (सुरक्षित) सीट से टिकट दिया गया है। शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। सुखबीर ने कहा कि बाकी सीटों के लिये उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
अकाली दल पहले ही एसजीपीसी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जगीर कौर और लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल का नाम क्रमश: खडूर साहिब और जालंधर (सुरक्षित) सीट के लिये उम्मीदवार के तौर पर घोषित कर चुका है। पंजाब की कुल 13 लोकसभा सीटों में से अकाली दल 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जबकि भाजपा तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।


Download Android App
Download iOS App




