Unauthorized Construction News: ढकोली इलाके में एक विवादित सोसाइटी में नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण जारी रहने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंजाब सरकार द्वारा जब जी+2 निर्माण पर रोक है इसके बावजूद नक्शों के उल्ट खुलेआम निर्माण कार्य किया जा रहा हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। जानकारी के अनुसार, जिस सोसाइटी में निर्माण किया जा रहा है, वह पहले से ही विवादों में रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उस प्रोजेक्ट की रजिस्ट्री पर स्टे लगा हुआ है, इसके बावजूद वहां नई बिल्डिंग खड़ी की जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी
लोगों ने सवाल उठाया है कि बिना नक्शा पास हुए और प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य लगातार कैसे चल रहा है। स्थानीय लोगों और समाजसेवियों का आरोप है कि इस मामले में कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अधिकारियों की ओर से केवल औपचारिक जवाब दिए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मौके पर निर्माण तब तक नहीं रोका जाता, जब तक इमारत काफी हद तक तैयार न हो जाए।
प्रशासनिक लापरवाही भी
निवासियों का कहना है कि यह सिर्फ नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही भी है, जिससे अवैध निर्माण को खुली छूट मिल रही है। उनका आरोप है कि फाइलों की जांच के नाम पर अधिकारियों की ओर से सिर्फ रटा-रटाया जवाब दिया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने मांग की है कि इस मामले की तुरंत उच्च स्तरीय जांच कर अवैध निर्माण को रोका जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो ज़ीरकपुर में ऐसे निर्माण और तेज़ी से बढ़ेंगे, जिससे शहर की प्लानिंग, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे पर गंभीर असर पड़ेगा।
एडीसी को कार्रवाई के आदेश जारी
ज़ीरकपुर में जी+2 निर्माण प्रतिबंध के बावजूद चल रहे अवैध निर्माण मामले पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को लेकर जब डीसी कोमल मित्तल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में एडीसी को उचित कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। डीसी ने साफ कहा कि किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ: UP के मऊ में दर्दनाक हादसा, अपनी बेटी की शादी के बाद घर लौट रहा रहा था परिवार, 5 लोगों की मौत























