अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर (हरमंदिर साहिब) में मत्था टेका।अमेरिकी कांग्रेस के इस प्रतिनिधिमंडल में न्यूयॉर्क की सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड, न्यूजर्सी के सीनेटर कॉरी बूकर, रोड आइलैंड के सीनेटर शेल्डन व्हाइटहाउस, एरिजोना के सीनेटर मार्क केली, न्यूयॉर्क-17 से प्रतिनिधि सभा सदस्य (अमेरिकी संसद का निम्न सदन) मोंडायर जोन्स शामिल थे।
इस प्रतिनिधिमंडल में सीनेटरों के परिवार के सदस्य, नयी दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास की प्रभारी पैट्रिशिया लैसिना, दूतावास में राजनीति अधिकारी डेन रॉबिन्स और कोबर्ले ट्रैविस भी शामिल थे। स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने से पहले प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने वहां स्थित ‘लंगर’ का दौरा किया।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने बताया कि उसने अमेरिकी नेताओं को ‘सिरोपा’ , हरमंदर साहिब की प्रतिकृति और सिख धर्म से जुड़ी पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया।सीनेटर गिलिब्रैंड ने कहा, ‘‘हम यहां प्रार्थना करने आए हैं और हमने यहां जो देखा उसे न केवल हम प्रभावित हुए हैं बल्कि इस पवित्र स्थान पर पहुंचकर आश्चर्यचकित भी हुए हैं।’’
इस मौके पर पंजाब सरकार के मंत्री हरजोत सिंह बैंस, विधायक बलजिंदर कौर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



