आग से सरसों की फसल जलकर राख

Summary :

NULL

जयपुर : राजस्थान के जयपुर जिले के कोटपूतली के चिमनपुरा गांव में आज एक ट्रांसफार्मर में आग लगने से वहां रखी सरसों की कटी फसल जल कर राख हो गयी। पुलिस के अनुसार चिमनपुरा गांव में आज तड़के एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग तेजी से फैली और विकराल रूप धारण कर लिया। ट्रांसफार्मर बस्ती के पास ही था जिसके कारण आग से वहां भगदड़ मच गई। ट्रांसफार्मर के नीचे सरसों की कटी फसल के ढेर रखे थे। सरसों के सूखे ढेर में आग से वहां हालात बेकाबू हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस व डिस्कॉम के अधिकारियों को सूचना दी।

इसके बाद वहां बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। आग लगते देख कर ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और बर्तनों व बाल्टियों में पानी भरकर ले आए तथा आग बुझाने लगे। साथ ही उन्होंने डंडों से सरसों के ढेर वहां से हटाने शुरू किए। करीब एक घंटे में ग्रामीणों ने अपने दम पर ही आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक वहां रखी सरसों की फसल जलकर नष्ट हो गयी। पुलिस के अनुसार ट्रांसफार्मर में आग शॉर्ट सर्किट से लगी। आग से ट्रांसफार्मर पूरा जल गया।

– वार्ता

Desk Team