राजस्थान विश्वविद्यालय से संबंद्ध राजस्थान कॉलेज परिसर में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने एक विद्यार्थी द्वारा परिसर में नमाज अदा किये जाने के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ किया।विवाद उस समय पैदा हुआ जब एक शिक्षक ने कॉलेज परिसर में एक विद्यार्थी द्वारा 12 नवंबर को कथित रूप से कॉलेज परिसर में नमाज अदा करने पर आपत्ति की।
सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान जनजाति नेता बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विरोध के रूप में हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं दूसरी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नमाज अदा करने पर आपत्ति करने वाले शिक्षक के निलंबन की मांग की है। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया, ‘‘जिस शिक्षक ने आपत्ति की है वह आरएसएस से जुड़ा है। छात्र खुले मैदान में नमाज पढ़ रहा था। धर्म के नाम पर किसी को प्रताड़ित करना गलत है।’’वहीं एबीवीपी के प्रदेश सचिव होशियार मीणा ने कहा कि वे शिक्षा के गलियारों को खराब नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि सिर्फ कॉलेज के एक छात्र ने ही नहीं बल्कि अन्य लोगों ने भी परिसर में नमाज अदा की है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।गांधी नगर पुलिस ने विश्वविद्यालय के कुलपति से अपने संबद्ध कॉलेजों के शैक्षणिक परिसरों में ऐसी चीजें ना होने के निर्देश जारी करने को कहा है। थानाधिकारी नेमी चंद ने कहा, ‘‘हमने कुलपति से संबद्ध कॉलेजों को निर्देश जारी करने को कहा है कि शैक्षणिक परिसरों में ऐसी गतिविधियां न हों।


Download Android App
Download iOS App



